कोलकाता ने यूपी को हराकर प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार रखीं, गोवा का अजेय अभियान जारी

Ads

कोलकाता ने यूपी को हराकर प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार रखीं, गोवा का अजेय अभियान जारी

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 10:58 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 10:58 PM IST

पणजी, 19 जुलाई (भाषा) एचवीआर कोलकाता थंडरब्लेड्स ने अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) में रविवार को यूपी प्रोमेथियंस को 10-5 से हराकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को और मजबूत किया तो वहीं डेम्पो गोवा चैलेंजर्स ने पीबीजी पुणे जैगुआर्स को रोमांचक मुकाबले में 8-7 से हराकर मौजूदा सत्र में अपना अजेय अभियान जारी रखा।

कोलकाता की जीत में भारतीय जोड़ी अंकुर भट्टाचार्जी और अयहिका मुखर्जी ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया। अंकुर ने पहले मुकाबले में मानव ठक्कर को सीधे गेमों में हराया और इसके बाद अयहिका के साथ मिश्रित युगल में भी अपनी अजेय लय बरकरार रखते हुए टीम की जीत की मजबूत नींव रखी।

इसके बाद जेंग जियान ने स्वास्तिका घोष को तीन गेमों में मात दी, जबकि यूपी प्रोमेथियंस की ओर से रिकार्डो वाल्थर ने एडुआर्ड इओनेस्कू को सीधे गेमों में हराकर मुकाबले को जीवंत बनाए रखा।

अयहिका ने हालांकि सायली वानी को सीधे गेमों में हराकर कोलकाता की जीत पर मुहर लगा दी। इससे पहले दिन के पहले मैच में डेम्पो गोवा चैलेंजर्स को शुरुआती झटका लगा, जब उमर अस्सार ने एक गेम से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए अभिनंध पीबी को इस सत्र की पहली एकल हार दी।

इसके बाद बर्नाडेट स्ज़ोक्स ने प्रिथिका पावड़े को सीधे गेमों में हराकर गोवा की वापसी कराई। मिश्रित युगल में पुणे ने अंतर कम किया और फिर स्नेहित सुरावज्जुला ने अल्वारो रोबल्स को हराकर मुकाबले का फैसला अंतिम मैच तक पहुंचा दिया।

निर्णायक मुकाबले में 16 वर्षीय सिंड्रेला दास ने दबाव में शानदार खेल दिखाया। उन्होंने पहला गेम जीता, लेकिन दिया चिताले ने मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया। अंतिम गेम में सिंड्रेला ने 11-8 से जीत दर्ज कर गोवा को 8-7 से यादगार जीत दिलाई और टीम का अजेय रिकॉर्ड बरकरार रखा।

भाषा आनन्द आनन्द मोना

मोना