तेलंगाना के कारोबारी से जबरन वसूली के मामले में चार लोग गिरफ्तार

Ads

तेलंगाना के कारोबारी से जबरन वसूली के मामले में चार लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 11:00 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 11:00 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 19 जुलाई (भाषा) तेलंगाना के एक कारोबारी के कथित संबंध को उजागर करने की धमकी देकर उससे पांच करोड़ रुपये से अधिक रकम ऐंठने के आरोप में रविवार को पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रोशिनी और उसके साथियों उन्नीमोल, अभिषेक व जिबिन के रूप में हुई है। सभी नेय्याट्टिनकारा के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार, रोशिनी की कई साल पहले कारोबारी विजयकुमार से दोस्ती हुई थी।

पुलिस ने बताया कि जून 2023 में बच्चे को जन्म देने के बाद रोशिनी ने विजयकुमार से संपर्क करके दावा किया कि वह उस बच्चे का पिता है।

पुलिस के अनुसार इसके बाद वह कथित रूप से उससे पैसे मांगने लगी।

कारोबारी शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। वह कथित रूप से उसकी मांगों के आगे झुक गया और उसने महिला को करीब 1.8 करोड़ रुपये दे दिए।

पुलिस ने बताया कि बाद में कथित रूप से उसे तिरुवनंतपुरम जिले में रोशिनी के नाम पर 1.2 करोड़ रुपये का एक अपार्टमेंट खरीदने, 45 सोवरेन (सोने को तौलने की एक इकाई) वजन के बराबर सोने के गहने देने और 1.3 करोड़ रुपये की जमीन खरीदने के लिए मजबूर किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित रूप से उसे उसकी कंपनी की 50 प्रतिशत हिस्सेदारी रोशिनी के नाम करने के लिए भी मजबूर किया।

पुलिस ने बताया कि हाल ही में आरोपियों ने कारोबारी की पत्नी को संदेश भेजे, जिसमें दावा किया गया कि रोशिनी और कारोबारी के बीच संबंध हैं और वही उसके बच्चे का पिता है।

पुलिस ने कहा कि इसके बाद रोशिनी ने कारोबारी से उसकी कंपनी की बची हुई 50 प्रतिशत हिस्सेदारी भी उसके नाम करने की मांग की।

लगातार धमकियां मिलने के बाद कारोबारी ने वंचियूर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने जबरन वसूली का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

भाषा जोहेब संतोष

संतोष