इंफाल, नौ मई (भाषा) मणिपुर के चुराचांदपुर जिले से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चुराचंदपुर निवासी, लेकिन ‘कुकी नेशनल आर्मी (बर्मा) के सक्रिय कार्यकर्ता’ उस व्यक्ति को शुक्रवार को जू वेंग क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी व्यक्ति के कब्जे से नौ मिमी पिस्तौल, एक मैगजीन और सात गोलियां बरामद की गईं।
पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा कि चुराचांदपुर में सशस्त्र केएनए (बी) कैडर की गिरफ्तारी एक ‘गंभीर मामला है जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता’।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मणिपुर गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगा।
सिंह ने कहा, ‘अत्याधुनिक हथियारों की बरामदगी और गैरकानूनी सशस्त्र गतिविधि के सबूत हमारी सीमाओं पर सक्रिय विदेशी-संबद्ध उग्रवादी तत्वों से बढ़ते खतरे की पुष्टि करते हैं।’
इस बीच, असम राइफल्स ने कहा कि बृहस्पतिवार को मणिपुर के कामजोंग जिले में तीन नागा गांवों पर सशस्त्र उग्रवादियों के हमले के बाद म्यांमा के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सुरक्षा बलों की गश्त ने शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की।
अंतरराष्ट्रीय सीमा से एक किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित नामली, वांगली और चोरो गांवों में सशस्त्र उग्रवादियों ने कई घरों को जला दिया।
अर्धसैनिक बल ने कहा, ‘अस्थिर स्थिति के बावजूद, असम राइफल्स के जवानों ने सक्रियता से कार्रवाई की और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की। महिलाओं और बच्चों सहित पंद्रह ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला गया और उन्हें मानवीय सहायता प्रदान की गई।’
बताया गया कि तलाश अभियान के दौरान एक सशस्त्र व्यक्ति को एके-47 राइफल और गोला-बारूद के साथ पकड़ा गया।
भाषा
राखी माधव
माधव