हथियारों की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

Ads

हथियारों की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 10:17 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 10:17 PM IST

नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (भाषा) मेरठ से हथियारों की आपूर्ति करने वाले एक प्रमुख व्यक्ति सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और दिल्ली एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच संचालित एक अवैध हथियार आपूर्ति नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि ये गिरफ्तारियां निगरानी पर आधारित एक अभियान के बाद की गईं, जिसमें आरोपियों को कथित तौर पर अपराध को अंजाम देने से पहले ही रोक लिया गया।

पुलिस के अनुसार, टीम ने पूर्वी दिल्ली में न्यू कोंडली मार्केट से खोड़ा की ओर जाने वाली सड़क पर सीआरपीएफ लाल बत्ती के पास एक कार में हथियारबंद संदिग्धों की आवाजाही के संदर्भ में सोशल मीडिया की निगरानी और तकनीकी निगरानी के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर निवासी बाबू उर्फ ​​मुरदारी और राज कुमार नामक दो आरोपियों को एक कार से पकड़ा गया। तलाशी के दौरान बाबू के पास से दो कारतूसों और एक अवैध पिस्तौल बरामद हुई, जबकि राज कुमार के पास से बटन से चलने वाला चाकू जब्त किया गया।’

मामला दर्ज करके जांच शुरू की गई तो उनके हथियार आपूर्तिकर्ता की पहचान मेरठ निवासी परविंदर के रूप में हुई।

अधिकारी के अनुसार, बाद में उत्तर प्रदेश के दादरी में एक स्थान पर की गई छापेमारी में एक स्वचालित पिस्तौल, दो देसी पिस्तौल और 14 कारतूस बरामद हुए। बाद में परविंदर को मेरठ से पकड़ा गया।

उन्होंने बताया कि उसकी सूचना पर मेरठ में एक निर्माणाधीन मकान से दो और देसी पिस्तौलें बरामद की गईं।

कुल मिलाकर, पुलिस ने दो स्वचालित पिस्तौल, तीन देसी पिस्तौल, 16 कारतूस, तीन चाकू और घटनाओं को अंजाम देने में इस्तेमाल किया गया एक वाहन जब्त किया है। मामले की जांच जारी है।

भाषा

शुभम सुरेश

सुरेश