सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ तीन दिवसीय रूस दौरे पर

Ads

सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ तीन दिवसीय रूस दौरे पर

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 12:30 PM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 12:30 PM IST

नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ बुधवार से तीन दिवसीय रूस यात्रा पर हैं और इस दौरे का उद्देश्य दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक रक्षा सहयोग और सेनाओं के बीच संबंधों को और मजबूत करना है।

अधिकारियों ने बताया कि यात्रा के दौरान जनरल सेठ रूसी थल सेना के कमांडर-इन-चीफ कर्नल जनरल आंद्रेई निकोलायेविच मोर्दविचेव के साथ बैठक करेंगे जिसमें सैन्य प्रशिक्षण और पेशेवर सैन्य सहयोग सहित दोनों देशों के आपसी हित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

सेना प्रमुख मॉस्को में ‘टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर’ (अज्ञात सैनिक की समाधि) पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि भी देंगे।

अधिकारी के अनुसार, जनरल सेठ मॉस्को स्थित नेशनल डिफेंस कंट्रोल सेंटर का दौरा करेंगे और रूस के रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इनमें रक्षा उद्योग और सैन्य खरीद से जुड़े उप रक्षा मंत्री वासिली सर्गेयेविच ओस्माकोव भी शामिल हैं।

इन बैठकों से वर्तमान सैन्य घटनाक्रम पर विचारों का आदान-प्रदान करने और रक्षा सहयोग बढ़ाने के नए अवसरों पर चर्चा करने का मौका मिलेगा।

रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि सेना प्रमुख 16 से 18 सितंबर तक रूस की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे और यह यात्रा भारत और रूस के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा सहयोग तथा सैन्य संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है।

यात्रा के तहत जनरल सेठ सेंट पीटर्सबर्ग भी जाएंगे, जहां वह ‘मिखाइलोव्स्काया मिलिट्री आर्टिलरी अकादमी’ का दौरा करेंगे और अकादमी के नेतृत्व तथा शिक्षकों के साथ बातचीत करेंगे।

भाषा शोभना मनीषा

मनीषा