सेना और महावीर कैंसर अस्पताल के बीच एमओयू, कैंसर पीड़ित सैनिकों और परिजन का होगा मुफ्त इलाज

सेना और महावीर कैंसर अस्पताल के बीच एमओयू, कैंसर पीड़ित सैनिकों और परिजन का होगा मुफ्त इलाज

सेना और महावीर कैंसर अस्पताल के बीच एमओयू, कैंसर पीड़ित सैनिकों और परिजन का होगा मुफ्त इलाज
Modified Date: March 18, 2026 / 08:43 pm IST
Published Date: March 18, 2026 8:43 pm IST

जयपुर, 18 मार्च (भाषा) भारतीय सेना और भगवान महावीर कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र ने पूर्व सैनिकों, युद्ध में जान गंवाने वाले सैनिकों की पत्नियों और उनके आश्रितों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ बनाने के लिए एक सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

सेना की सप्त शक्ति कमांड के कमांडर मंजिंदर सिंह की मौजूदगी में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए, जो सशस्त्र बलों और चिकित्सा संस्थानों के बीच सहयोग को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।

समझौते के तहत जरूरत पड़ने पर अस्पताल की ओर से सेवारत सैन्यकर्मियों और उनके परिजन को कैंसर होने की स्थिति में मुफ्त उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही गंभीर रूप से बीमार मरीजों के लिए ‘टेली कंसल्टेशन’ सेवाएं भी मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके अलावा शहीदों की पत्नियों और उनके बच्चों को अस्पताल में रोजगार के अवसरों में प्राथमिकता दी जाएगी।

अस्पताल की वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिला कोठारी ने कहा कि यह सहयोग न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाएगा, बल्कि सैन्यकर्मियों और उनके परिवारों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

अधिकारियों ने बताया कि यह पहल पूर्व सैनिक समुदाय के लिए व्यापक स्वास्थ्य देखभाल और कल्याण समर्थन सुनिश्चित करने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

भाषा बाकोलिया जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में