अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल ने पुलिस से मिशन-उन्मुख दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया

Ads

अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल ने पुलिस से मिशन-उन्मुख दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 08:02 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 08:02 PM IST

ईटानगर, पांच मई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल के टी परनाइक ने मंगलवार को पुलिस को आधुनिक तकनीक और मानव खुफिया तंत्र के आधार पर सक्रिय और मिशन-उन्मुख दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी।

लोक भवन में राज्य की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने पुलिस महानिदेशक शिव दर्शन सिंह जामवाल के साथ बैठक की।

आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, परनाइक ने कहा कि पुलिस बल लोगों के प्रति संवेदनशील, सहज और जवाबदेह बना रहे, ताकि आम जनता की जरूरतों के अनुरूप प्रभावी ढंग से कार्य किया जा सके।

परनाइक ने तिराप-चांगलांग-लॉन्गडिंग (टीसीएल) क्षेत्र के संदर्भ में कहा कि पुलिस की प्रभावी कार्रवाई की आधारशिला जन विश्वास है, जिसे निरंतर संवाद, पारदर्शिता और निष्पक्ष कार्रवाई के जरिए मजबूत किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इन जिलों में भौगोलिक चुनौतियों और सुरक्षा चिंताओं के बीच नागरिकों का विश्वास जीतना कानून-व्यवस्था बनाए रखने जितना ही महत्वपूर्ण है। राज्यपाल ने टीसीएल क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती, पुलिस थानों और चौकियों के रणनीतिक स्थानों की समीक्षा की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप