ईटानगर, 26 जून (भाषा) ईटानगर के टोमो रिबा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विज्ञान संस्थान के एक स्वच्छता पर्यवेक्षक को अस्पताल के शौचालय का इस्तेमाल करते समय छिपकर मोबाइल फोन से महिलाओं का वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
ईटानगर राजधानी क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक (एसपी) न्येलम नेगा ने बताया कि आरोपी की पहचान कुरंग कुमे जिले के रहने वाले तामची निडो (29) के तौर पर हुई है। वह 2021 से इस स्वास्थ्य संस्थान में ‘मल्टी-टास्किंग स्टाफ’ के तौर पर काम कर रहा था और इस साल मई में उसे स्वच्छता पर्यवेक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया था।
एसपी ने बताया कि यह मामला बृहस्पतिवार सुबह तब सामने आया जब इंटेंसिव केयर कार्डियक यूनिट (आईसीसीयू) ब्लॉक के पास बने शौचालय का इस्तेमाल कर रही एक महिला ने देखा कि वायु निकासी के स्थान से एक मोबाइल फोन डालकर उसका वीडियो बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महिला ने तुरंत शोर मचाया और अपने परिजनों व आस-पास मौजूद लोगों को यह बताया।
आरोपी ने कथित तौर पर भागने और अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्डिंग डिलीट करने की कोशिश की। हालांकि, नाहरलगुन थाने के प्रभारी निरीक्षक कृष्णेंदु देव की अगुवाई वाली पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया और औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने कहा, ‘पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले तीन-चार महीनों से अस्पताल के शौचालय में महिलाओं की गुपचुप तरीके से रिकॉर्डिंग कर रहा था। उससे पूछताछ के आधार पर जांचकर्ताओं ने उसके मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक वीडियो बरामद किए हैं।’
पुलिस ने अपराध करने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है।
नाहरलगुन थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसपी ने कहा कि निडो को उचित कानूनी कार्यवाही के लिए स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।
भाषा शुभम आशीष
आशीष