(फाइल फोटो के साथ)
लखनऊ 26 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है और प्रत्येक कार्यकर्ता इसकी सबसे बड़ी पूंजी है।
उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति का केंद्र कार्यकर्ता है और वे चाहते हैं कि संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी इस कार्यकर्ता-आधारित राजनीति का अभिन्न अंग बने।
यहां भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर शुक्रवार को पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों एवं क्षेत्रीय अध्यक्षों की परिचयात्मक बैठक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में सम्पन्न हुई।
चौधरी ने नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों एवं क्षेत्रीय अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व ग्रहण करते समय उन्होंने जो बात कही थी, आज उसे वह पुनः दोहराना चाहते हैं कि उनकी राजनीति का केंद्र कार्यकर्ता है और वे चाहते हैं कि संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी इस कार्यकर्ता-आधारित राजनीति का अभिन्न अंग बने।
उन्होंने कहा कि आज संगठन में कार्य करने के लिए जो पूरी टीम बैठी है, वह उनकी अपनी टीम है और वे हर परिस्थिति में पूरी टीम के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है और यही टीम आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की विचारधारा, नीतियों, केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
चौधरी ने बताया कि नई टीम के गठन में क्षेत्रीय, सामाजिक एवं लैंगिक संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के अनुसार अवध क्षेत्र से 16, कानपुर क्षेत्र से 8, काशी क्षेत्र से 13, गोरखपुर क्षेत्र से 8, पश्चिम क्षेत्र से 10 तथा ब्रज क्षेत्र से 9 पदाधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को भी पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है, जिससे संगठन समाज के प्रत्येक वर्ग का प्रभावी प्रतिनिधित्व कर सके।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि संगठन में युवाओं को पर्याप्त अवसर दिए गए हैं, ताकि वे वरिष्ठ नेताओं के अनुभव से सीखते हुए अपनी ऊर्जा, नवाचार और कार्यक्षमता के बल पर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकें।
उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों में जिस भावना के साथ उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहने का प्रयास किया है, उसी भावना के साथ आगे भी प्रत्येक कार्यकर्ता के सम्मान और हित के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
उन्होंने कहा कि बदले में उन्हें केवल पार्टी के प्रति पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और समर्पण की अपेक्षा है तथा हर पदाधिकारी को अपने व्यक्तिगत आग्रहों से ऊपर उठकर पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक परंपराओं और कार्यशैली को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में पुनः भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ पूरी ऊर्जा और समर्पण से कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि इसके लिए आवश्यक है कि प्रत्येक पदाधिकारी अपने व्यवहार, आचरण और कार्यशैली में पार्टी के सिद्धांतों एवं मूल्यों को आत्मसात करते हुए जनता के बीच विश्वास और संवाद को और अधिक सुदृढ़ बनाए।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन केंद्र सरकार के 12 वर्षों तथा उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्षों से अधिक की विकास यात्रा, सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, कानून व्यवस्था, आधारभूत संरचना एवं जनहितकारी कार्यों को व्यापक रूप से जनता के बीच लेकर जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘इस विकास यात्रा को आगे बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता इस लक्ष्य की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।’’
भाषा जफर राजकुमार
राजकुमार