अरुणाचल: नदी में नहाते समय लापता हुए दो छात्रों की तलाश जारी

अरुणाचल: नदी में नहाते समय लापता हुए दो छात्रों की तलाश जारी

अरुणाचल: नदी में नहाते समय लापता हुए दो छात्रों की तलाश जारी
Modified Date: July 13, 2026 / 11:48 am IST
Published Date: July 13, 2026 11:48 am IST

ईटानगर, 13 जुलाई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में चाटजो नदी में नहाते समय लापता हुए दो स्कूली छात्रों की तलाश के लिए विभिन्न जांच एजेंसियों का व्यापक खोज एवं बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

देवमाली की सहायक आयुक्त इंदिरा टी रिबा ने बताया कि स्कूल में पढ़ने वाले तीन लड़के शनिवार दोपहर नदी में नहाने गये थे।

बताया जा रहा है कि उस दिन बाल कटवाने के लिए उन्हें छात्रावास से बाहर जाने दिया गया था।

पिछले एक हफ्ते से इलाके में जारी भारी मानसूनी वर्षा के कारण नदी उफान पर है।

घटना वाले दिन ही स्थानीय लोगों को 12 साल के पौपवांग आना का शव मिल गया था लेकिन दो अन्य लड़कों – फोसम वांग्नो (12) और न्गोवांग काखो (13) का अब भी कुछ पता नहीं चल पाया है।

राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), पुलिस, प्रशासन और आम लोगों की एक टीम ने ने रविवार को खोज और बचाव अभियान चलाया, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। तेज बहाव के कारण अभियान में रुकावट आई।

सोमवार को एसडीआरएफ, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबीएन), असम राइफल्स, पुलिस और कम्युनिटी वॉलंटियर्स की एक बचाव टीम ने नदी के बहाव की दिशा में तलाशी अभियान शुरू किया।

इस घटना को देखते हुए और तिरप जिले के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की मौसम संबंधी चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने लोगों, खासकर युवाओं से जलाशयों से दूर रहने की सलाह दी है।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में