गुवाहाटी, 29 अप्रैल (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि असम मंत्रिमंडल ने शनिवार को उपायुक्तों के मूल्यांकन के मानदंड और जिला अधिकारियों की संख्या बनाए रखने के लिए एक नीति से संबंधित निर्णय किये।
शर्मा ने कहा कि मंत्रिमंडल ने तिनसुकिया में एक मेडिकल कॉलेज के लिए धनराशि और पांच मिनी आईटीआई के संविदा कर्मचारियों के लिए वेतन वृद्धि को भी मंजूरी दी।
उन्होंने मंत्रिमंडल के फैसलों को ट्विटर पर साझा करते हुए लिखा, ‘‘असम कैबिनेट की साप्ताहिक बैठक में, हमने जिला अधिकारियों की संख्या बनाए रखने के लिए नीति अपनाने, उपायुक्त के मूल्यांकन के लिए मानदंड, पांच मिनी आईटीआई के संविदा कर्मचारियों को तीन प्रतिशत वेतन वृद्धि और तिनसुकिया मेडिकल कॉलेज के लिए कोष की मंजूरी सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये।’’
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि उपायुक्तों के वार्षिक प्रदर्शन मूल्यांकन का मानदंड विशिष्ट निगरानी योग्य मापदंडों पर आधारित होगा। डीसी के काम की समीक्षा करते समय मापने योग्य मापदंडों का आकलन किया जाएगा और रिपोर्ट में इसकी 40 प्रतिशत प्राथमिकता होगी।
भाषा अमित रंजन
रंजन