आइजोल, 26 जुलाई (भाषा) असम के सीमा सुरक्षा एवं विकास मंत्री अतुल बोरा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल अंतरराज्यीय सीमा विवाद पर बातचीत के लिए जल्द ही मिजोरम का दौरा करेगा। मिजोरम के गृह विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पिछले साल 26 जुलाई को विवादित अंतर-राज्यीय सीमा पर वैरेंगटे शहर के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग 306 पर दोनों राज्यों के पुलिसकर्मियों बीच हुई गोलीबारी में असम के छह पुलिसकर्मियों और एक नागरिक की मौत हो गई थी, जबकि लगभग 60 अन्य घायल हो गए थे।
अधिकारी ने कहा कि बोरा ने हाल में मिजोरम के गृह मंत्री लालचमलियाना से फोन पर बात की है और कहा है कि राष्ट्रपति चुनाव के बाद असम से एक प्रतिनिधिमंडल विवादास्पद मुद्दे पर चर्चा करने के लिए मिजोरम का दौरा करेगा।
अधिकारी ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि असम के प्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित बैठक लंबे समय से चले आ रहे विवाद को सुलझाने के लिए उच्च स्तरीय वार्ता के तौर-तरीकों की तैयारी पर केंद्रित होने की उम्मीद है।”
उन्होंने कहा, ”असम की टीम के अगले सप्ताह आइजोल आने की संभावना है। बोरा के साथ पड़ोसी राज्य के अन्य मंत्रियों और अधिकारियों के भी आने की उम्मीद है।”
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप