गुवाहाटी, 10 मई (भाषा) राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने रविवार को भाजपा नेता हिमंत विश्व शर्मा को असम का मुख्यमंत्री नियुक्त किया, जिससे राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की लगातार तीसरी बार सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया।
भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के विधायक दल के नेता के रूप में सर्वसम्मति से चुने जाने के बाद, शर्मा ने गठबंधन के नेताओं के साथ ‘लोक भवन’ में राज्यपाल से मुलाकात की और औपचारिक रूप से सरकार बनाने का दावा पेश किया।
मुख्य सचिव रवि कोटा द्वारा हस्ताक्षरित एक अधिसूचना में कहा गया, ‘‘भारत के संविधान के अनुच्छेद 164 के खंड (1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, असम के राज्यपाल ने डॉ. हिमंत विश्व शर्मा को असम का मुख्यमंत्री नियुक्त किया है।’’
इसमें कहा गया है कि शर्मा 12 मई को सुबह 11:40 बजे खानापारा स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय मैदान में शपथ लेंगे।
भाजपा, असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने हाल ही में हुए 126 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में 102 सीट जीतकर बहुमत हासिल किया। भाजपा ने 82 सीट जीतीं, जबकि एजीपी और बीपीएफ ने 10-10 सीट पर जीत हासिल की।
पहली बार 2021 में मुख्यमंत्री बने शर्मा लगातार दूसरी बार इस पद पर आसीन होने वाले राज्य के पहले गैर-कांग्रेसी नेता होंगे।
भाषा शफीक नरेश
नरेश