गुना सीमेंट संयंत्र से 1,500 लोगों को रोजगार मिलेगा: मुख्यमंत्री यादव

Ads

गुना सीमेंट संयंत्र से 1,500 लोगों को रोजगार मिलेगा: मुख्यमंत्री यादव

  •  
  • Publish Date - May 10, 2026 / 10:50 PM IST,
    Updated On - May 10, 2026 / 10:50 PM IST

गुना, 10 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को गुना जिले में 40 लाख टन क्षमता वाले सीमेंट संयंत्र की आधारशिला रखी और कहा कि समय के साथ इस क्षेत्र की पहचान बदल गई है क्योंकि कभी यह इलाका केवल गोलियों की आवाज के लिए जाना जाता था।

यादव ने कहा कि अदाणी समूह की अंबुजा सीमेंट द्वारा 1,059 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किए जाने वाले इस संयंत्र में 1,500 लोगों को रोजगार मिलेगा।

उन्होंने इसे प्रदेश, विशेषकर गुना जिले के लिए ‘‘ऐतिहासिक’’ दिन बताया। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘विकास के लिए उद्योग जरूरी हैं और गुना में एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है।’’

यादव ने इस अवसर पर भूमि-पूजन करने के साथ लगभग 130 करोड़ रुपये की लागत वाली 144 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया।

उन्होंने कहा कि गुना का धनिया, गुलाब और यहां के लोग अद्भुत हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘विकास का हमारा संकल्प लगातार जारी रहेगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पहले गुना-ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में केवल गोलियों की आवाज सुनाई देती थी, लेकिन जब से विकास का परचम लहराना शुरू हुआ है, तब से समय बदल गया है।’’

अधिकारियों ने बताया कि यह संयंत्र जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर मावन गांव में स्थापित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरा देश बदल रहा है और आज दुनिया के सामने भारत मजबूती के साथ खड़ा है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह वर्ष किसान कल्याण वर्ष है। हमारी सरकार ने निर्णय लिया है कि यदि किसानों की जमीन अधिग्रहित की जाएगी तो उन्हें बाजार मूल्य का चार गुना भुगतान किया जाएगा। हम उन्हें विकास का भागीदार बनाएंगे।’’

यादव ने कहा कि संयंत्र में 40 लाख मीट्रिक टन सीमेंट का उत्पादन होगा और 1,500 लोगों को रोजगार मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यह केवल पहला चरण है और भविष्य में इससे अन्य लाभ होंगे।

गुना लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का विजन शुरू हो चुका है।

सिंधिया ने कहा, ‘‘आज का दिन गुना के लिए स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। सबसे पहले मैं बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की जीत के लिए जनता को नमन करता हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘गंगोत्री से गंगासागर तक प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत-2047 का विजन शुरू हो चुका है।’’

सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री की तरह मुख्यमंत्री मोहन यादव भी विकास का ध्वज लेकर चल रहे हैं और उन्होंने ढाई वर्षों में प्रत्येक जिले को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया है।

उन्होंने कहा कि निवेश आकर्षित करने के लिए यादव ने मध्यप्रदेश में ‘‘रेड टेपिज्म’’ को ‘‘रेड कार्पेट वेलकम’’ में बदल दिया है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गुना सीमेंट संयंत्र क्षेत्र के लिए उम्मीद की नई किरण है। सिंधिया ने कहा, ‘‘मोहन-ज्योति’’ की जोड़ी ने क्षेत्र में करीब 1,500 लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘भविष्य में बदरवास में 1,800 महिलाओं को रोजगार मिलेगा। वहां 600 सिलाई इकाइयां स्थापित की जाएंगी। अदाणी समूह 2,500 करोड़ रुपये के निवेश से रक्षा इकाई भी स्थापित करेगा।’’

सिंधिया ने दिन में भोपाल में ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत में कहा था कि यह संयंत्र क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन लेकर आएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र के लिए गुनी नदी परियोजना, लक्ष्मण कोटरा में नए पुल के निर्माण और गुना की भुजरिया झील के सौंदर्यीकरण सहित कई घोषणाएं भी कीं।

अदाणी समूह के प्रणव अदाणी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को विकास की नई गति मिली है और सरकार बुनियादी ढांचे, उद्योग तथा रोजगार पर विशेष ध्यान दे रही है।

उन्होंने सिंधिया के सहयोग के लिए उनका आभार भी जताया।

प्रणव ने कहा कि गुना संयंत्र दो चरणों में पूरा होगा और पहला चरण वर्ष 2028 तक चालू करने का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि समय के साथ यह परियोजना राज्य के खजाने में 6,000 करोड़ रुपये से अधिक का योगदान देगी।

प्रणव अदाणी ने कहा, ‘‘किसी भी परियोजना की असली ताकत केवल आंकड़े नहीं होते, बल्कि लोगों के जीवन में आने वाला बदलाव होता है।’’

भाषा सं दिमो जितेंद्र

जितेंद्र