गुवाहाटी, अप्रैल 15 (भाषा) असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य, मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा तथा काँग्रेस नेता गौरव गोगोई ने बुधवार को लोगों को रोंगाली बीहू तथा असमी नववर्ष की शुभकामनाएँ दीं।
आचार्य ने एक बयान में कहा कि रोंगाली बीहू एक नयी शुरुआत, उम्मीद तथा एकजुटता का प्रतीक है और असम की समृद्ध सांस्कृतिक परम्परा में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा ‘‘असम राज्य विविध समुदायों, भाषाओं तथा परंपराओं का सामंजस्यपूर्ण संगम है जो एक महान असमी पहचान का निर्माण करता है तथा रोंगाली बीहू त्योहार मानव और प्रकृति के अटूट संबंध को दर्शाता है।’’
साथ ही उन्होंने भारत को त्योहारों की भूमि बताया जहाँ ये उत्सव सामाजिक सद्भाव, सांस्कृतिक पहचान तथा एकता लेकर आते हैं।
राज्यपाल ने कहा ‘‘एक कृषि उत्सव के रूप में बीहू अपने नृत्यों तथा गीतों के द्वारा किसानों की उम्मीदों तथा सपनों को दर्शाता है। अब यह त्योहार अपनी भौगोलिक सीमा से बाहर निकल कर एक वैश्विक उत्सव बन गया है।’’
मुख्यमंत्री शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए बधाई देते हुए लिखा, ‘आज बोहाग के दिन, जो असम में नए वर्ष का आगमन तथा असमी जीवन की धड़कन है, मैं अपने प्रिय असम के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ। यह नववर्ष हर घर में सुख, समृद्धि तथा नयी आशा लेकर आये।’
गोगोई ने कहा कि बोहाग बीहू असमी लोगों में एक गहन भावना के जरिए उनके अस्तित्व, संस्कृति तथा जमीन से जुड़ा हुआ है। ‘‘जिस प्रकार यह नववर्ष प्रकृति के नए कलेवर को दर्शाता है, उसी प्रकार हमारे जीवन में भी नयी उम्मीदों का आगमन हो।’’
असम काँग्रेस अध्यक्ष ने भी राज्य की समृद्धि की कामना करते हुए असम के लोगों को नववर्ष की बधाई दी। उन्होंने असम के लोगों से एक बेहतर असम के निर्माण के लिए साथ मिलकर काम करने की अपील की।
भाषा मनीषा
मनीषा