गुवाहाटी, एक जून (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को नयी दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की और राज्य को एक प्रमुख स्वास्थ्य सेवा एवं चिकित्सा पर्यटन केंद्र में बदलने के उद्देश्य से शुरू की गई कई महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजनाओं को लागू करने में उनकी सहायता मांगी।
शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मजबूत करने और राज्य की चुनावी सफलताओं में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए नड्डा के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “माननीय केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा जी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान असम में भाजपा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और असम विधानसभा चुनाव में भी उनकी अहम भूमिका रही है।”
शर्मा ने नड्डा के प्रयासों के लिए उन्हें धन्यवाद दिया और स्वास्थ्य सेवा अवसंरचना एवं सेवाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार की योजनाओं पर चर्चा की।
उन्होंने कहा, “आज (सोमवार) दिल्ली में उनसे (नड्डा से) मुलाकात के दौरान मैंने उनके प्रयासों के लिए उन्हें धन्यवाद दिया और राज्य में हमारे द्वारा चलाई जा रही महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य क्षेत्र की योजनाओं, मेडिकल कॉलेजों से लेकर प्रोटॉन बीम थेरेपी और चिकित्सकों की भर्ती को लागू करने व असम को चिकित्सा पर्यटन के पसंदीदा केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए उनका मार्गदर्शन मांगा।”
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश