असम: कामाख्या मंदिर के कपाट भक्तों के लिए फिर से खुले, अंबुबाची मेला समाप्त

Ads

असम: कामाख्या मंदिर के कपाट भक्तों के लिए फिर से खुले, अंबुबाची मेला समाप्त

  •  
  • Publish Date - June 26, 2026 / 03:36 PM IST,
    Updated On - June 26, 2026 / 03:36 PM IST

गुवाहाटी, 26 जून (भाषा) गुवाहाटी में नीलाचल पर्वत पर स्थित कामाख्या मंदिर का कपाट शुक्रवार को खुलने के साथ ही मशहूर अंबुबाची मेले का समापन हो गया और हजारों श्रद्दालु सुबह से ही देवी के दर्शन के लिए कतार में खड़े रहे।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बताया कि इस वर्ष आयोजित इस वार्षिक मेले में आठ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यह मेला उस अवधि में आयोजित होता है जब मंदिर के कपाट बंद रहते हैं, क्योंकि मान्यता है कि यह देवी की रजस्वला अवधि है।

शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘मां कामाख्या में अंबुबाची अपने आप में अद्वितीय है। यह असम की सांस्कृतिक विरासत में नारी शक्ति की अहमियत का प्रतीक है।’

उन्होंने कहा, ‘पिछले कुछ दिनों में आठ लाख से अधिक श्रद्धालु इस अनोखे उत्सव में शामिल हुए।’

सुबह विधि-विधान से देवी के स्नान और पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के कपाट खुलने पर श्रद्धालु दर्शन के लिए तड़के से ही कतार में लग गए थे।

मंदिर के अधिकारी ने कहा, ‘आज सूर्यास्त तक मंदिर के दरवाजे खुले रहेंगे। हमें उम्मीद है कि श्रद्धालु शांति से दर्शन कर सकेंगे।’

सोमवार शाम से ही दरवाजे बंद कर दिए गए थे, जिससे अंबुबाची मेले की शुरुआत हुई; इस मेले के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु और सैलानी यहां इकट्ठा होते हैं।

भाषा शुभम रंजन

रंजन