असम के मंत्री रनोज पेगु ने धेमाजी सीट बरकरार रखी
असम के मंत्री रनोज पेगु ने धेमाजी सीट बरकरार रखी
गुवाहाटी, चार मई (भाषा) असम के शिक्षा मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रनोज पेगु ने सोमवार को अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के सैलेन सोनोवाल को 32,229 मतों से हराकर धेमाजी विधानसभा सीट बरकरार रखी। यह जानकारी निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित विधानसभा चुनाव परिणाम से मिली।
पेगु को 83,649 वोट मिले, जबकि सोनोवाल को 51,420 वोट मिले।
असम में हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री पेगु के पास शिक्षा और आदिवासी मामलों जैसे विभाग थे। वह पहली बार 2017 के उपचुनाव में धेमाजी से विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे।
उन्होंने 2021 में फिर से सीट जीती और राज्य में भाजपा की दूसरी सरकार में मंत्री बने।
पेगु ने उन्हें दोबारा चुनने के लिए निर्वाचन क्षेत्र के निवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आपके स्नेह, आशीर्वाद और अटूट विश्वास ने मुझे नए जोश और अधिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है।’
पेगु ने भाजपा और उसके सहयोगियों के कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, ‘यह जीत धेमाजी के हर नागरिक की जीत है, एक ऐसी जीत जिसमें लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने का वादा शामिल है और निर्वाचन क्षेत्र के विकास और प्रगति के मार्ग को और भी अधिक मजबूती से आगे बढ़ाती है।’
पेगु ने सभी से एकजुट होकर प्रगतिशील, शांतिपूर्ण और समृद्ध धेमाजी और असम के निर्माण की राह पर आगे बढ़ने की अपील की।
भाषा अमित मनीषा
मनीषा

Facebook


