असम चुनाव : भारत-भूटान सीमा पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित
असम चुनाव : भारत-भूटान सीमा पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित
गुवाहाटी, छह अप्रैल (भाषा) असम में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सोमवार से भारत-भूटान सीमा पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह प्रतिबंध मतदान प्रक्रिया समाप्त होने तक लागू रहेगा।
तमुलपुर की जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सिमी करण द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सोमवार शाम पांच बजे से सीमा के प्रवेश और निकास मार्गों पर यह प्रतिबंध प्रभावी हो गया है।
यह आदेश निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सभी अंतरराष्ट्रीय स्थलीय सीमाओं को सील करने के उद्देश्य से जारी किया गया है।
हालांकि, कुछ विशेष परिस्थितियों में छूट प्रदान की गई है। इसमें भूटान से चिकित्सा आपात स्थिति में आने वाले लोग, वैध दस्तावेजों के साथ पहले से भूटान जा चुके भारतीय नागरिक या विदेशी पर्यटक, वैध यात्रा दस्तावेजों के साथ भूटान जाने वाले पर्यटक, तथा तमुलपुर और गोरेश्वर विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता शामिल हैं।
इसके अलावा, आवश्यक नाशवान वस्तुओं को ले जाने वाले वाहनों को भी सीमा चौकियों पर छूट दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, सुरक्षा एजेंसियों और आम जनता से इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।
भाषा रवि कांत रवि कांत माधव
माधव

Facebook


