तेजपुर, आठ अक्टूबर (भाषा) असम के ओरंग राष्ट्रीय उद्यान में बुधवार को वन रक्षकों के साथ मुठभेड़ में एक संदिग्ध शिकारी मारा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह घटना रहमानपुर शिकार-रोधी शिविर के अंतर्गत आने वाले इलाके में रात करीब साढ़े 12 बजे हुई।
ओरंग राष्ट्रीय उद्यान के निदेशक प्रदीप्त बरुआ ने कहा, ‘‘एक सींग वाले गैंडे को मारने के इरादे से पार्क में घुसे शिकारियों के बारे में गोपनीय जानकारी मिलने के बाद हमने तुरंत सभी कर्मियों को सतर्क कर दिया।’’
रात में सुरक्षाकर्मियों ने कुछ ‘असामान्य गतिविधियां’ देखीं और लोगों से अपनी पहचान बताने को कहा। बरुआ ने कहा, ‘‘हालांकि, शिकारियों के एक समूह ने हमारे कर्मचारियों पर गोलीबारी की। आत्मरक्षा में, कर्मचारियों ने जवाबी कार्रवाई की और यह गोलीबारी कुछ देर तक जारी रही।’’
अधिकारी ने बताया, ‘सुबह हमने घटनास्थल की तलाशी ली और एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला जिसके साथ एक बैग भी था।’
उन्होंने बताया कि अंधेरे, भारी बारिश और घने जंगल का फायदा उठाकर गिरोह के अन्य सदस्य भागने में सफल रहे।
भाषा आशीष नरेश
नरेश