असम : हिरासत से भागने के प्रयास में तीन आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल

असम : हिरासत से भागने के प्रयास में तीन आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल

असम : हिरासत से भागने के प्रयास में तीन आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल
Modified Date: November 29, 2022 / 09:01 pm IST
Published Date: November 20, 2021 9:42 pm IST

होजाई/रांगिया (असम), 20 नवंबर (भाषा) असम के होजाई और कामरूप जिलों में ‘हिरासत से भागने का प्रयास’ कर रहे एक कथित मादक पदार्थ तस्कर सहित तीन आरोपी तीन अलग-अलग घटनाओं में पुलिस की गोलीबारी में घायल हो गए।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना शुक्रवार रात की है और घायल आरोपियों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है जहां उनकी हालत स्थिर बतायी जा रही है।

होजाई के पुलिस अधीक्षक बरुण पुरकायस्थ ने बताया कि वन भूमि पर कब्जा करने और सरकारी अधिकारी की हत्या का प्रयास करने के आरोपी ने पुलिसकर्मी की बंदूक छीनकर भागने की कोशिश की, इसी क्रम में पुलिस द्वारा चलाई गयी गोली लगने से वह घायल हो गया।

उन्होंने बताया, ‘‘आरोपी को उसकी निशानदेही पर एक अन्य संदिग्ध के घर ले जाया जा रहा था। पुलिस दल वाहन से उतर कर जब आरोपी के साथ उसी दिशा में चल रहा था, उसी दौरान आरोपी ने लुमडिंग के थाना प्रभारी से पिस्तौल छीनी और हमारे दल (पुलिस दल) पर गोली चला दी।’’

एसपी ने बताया कि आरोपी द्वारा चलायी गई गोली पुलिस वाहन पर लगी और आरोपी को भागने से रोकने के लिए पुलिस ने उसके पांव पर गोली चलायी।

अधिकारी ने बताया कि जिले में ही एक अन्य घटना में एक कथित बाइक चोर को उसके साथी की पहचान कराने के लिए डोबोका थाना पुलिस लेकर जा रही थी, तभी बीच में उसने पुलिस वाहन से कूद कर भागने का प्रयास किया।

उन्होंने बताया कि आरोपी को भागने से रोकने के लिए पुलिस ने उसके पैर पर गोली चलाई।

एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को नगांव सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।

तीसरी घटना कामरुप (ग्रामीण) जिले के अमीनगांव इलाके की है।

पुलिस अधीक्षक हितेष चन्द्र राय ने बताया कि शुक्रवार को दो अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार कथित मादक पदार्थ तस्कर ने पुलिसकर्मी से पिस्तौल छीनकर भागने का प्रयास किया, और उसे रोकने के प्रयास में उसके पैर में गोली मारनी पड़ी।

उन्होंने बताया, ‘‘उसका (आरोपी) का इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।’’

भाषा अर्पणा पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में