(तस्वीर के साथ)
नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने को लेकर बृहस्पतिवार को सरकार पर निशाना साधा और कहा कि विपक्ष ‘‘राजनीतिक नोटबंदी’’ को सफल नहीं होने देगा।
संसद भवन परिसर के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए थरूर ने कहा कि सरकार महिला आरक्षण को परिसीमन से अलग करके तुरंत लागू कर सकती है और विपक्ष इस कदम का समर्थन करेगा।
तिरुवनंतपुरम के लोकसभा सदस्य थरूर ने कहा, ‘‘मैं सिर्फ यह कहना चाहता हूं कि हमें महिला आरक्षण से कोई समस्या नहीं है, वे (सरकार के लोग) इसे तुरंत कर सकते हैं, लेकिन परिसीमन को क्यों शामिल किया जा रहा है? यह हमारा सवाल है, क्योंकि परिसीमन से संबंधित कई मुद्दे हैं, उनपर लंबी चर्चा की आवश्यकता है। वे दो-तीन दिनों में ही इसे पूरा करना चाहते हैं, यह संभव नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि दक्षिणी राज्यों के पास बड़े सवाल हैं जिनका जवाब देने की जरूरत है।
थरूर ने कहा, ‘‘अगर सरकार यह महिला आरक्षण लागू करना चाहती, तो वह इसे 2023 में कर सकती थी। उसे अभी लागू करना चाहिए, हम समर्थन करेंगे, लेकिन कोई परिसीमन नहीं, सिर्फ महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरह से आप परिसीमन कर रहे हैं, उसी तरह से आपने बिना सोचे समझे नोटबंदी की थी हम यह राजनीतिक नोटबंदी नहीं चाहते हैं।’’
भाषा हक हक राजकुमार
राजकुमार