सक्ती (छत्तीसगढ़), 14 अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मंगलवार को एक विद्युत संयंत्र के बॉयलर में हुए विस्फोट के कारण 11 श्रमिकों की मौत हो गई तथा 22 अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि घटना जिले के डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई गांव में हुई जहां वेदांता कंपनी के विद्युत संयंत्र में बॉयलर की ट्यूब में विस्फोट हो गया।
ठाकुर ने बताया कि घटना के समय वहां काफी संख्या में श्रमिक काम कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि कम से कम 11 श्रमिकों की मौत हो गई तथा 22 अन्य घायल हो गए।
अधिकारी ने बताया कि चार श्रमिकों की मौत घटनास्थल पर हुई तथा सात अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और मजदूरों को बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि 22 मजदूरों को रायगढ़ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है।
ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जिसके बाद इस संबंध में कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि संयंत्र में बड़ी संख्या में पुलिस दल को तैनात किया गया है।
वेदांता विद्युत संयंत्र के प्रवक्ता ने बताया, ‘‘आज दोपहर हमारे सिंघीतराई संयंत्र की एक बॉयलर यूनिट में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। हमारी पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि प्रभावित सभी लोगों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सहायता और उपचार मिले।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम घायलों को पूरा सहयोग दे रहे हैं और चिकित्सा टीम तथा स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हम घटना का पूरा विवरण जुटाने की प्रक्रिया में हैं, हमारे साझेदार तथा संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर एक विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। इस मुश्किल समय में, हमारी गहरी संवेदनाएं और सहानुभूति प्रभावित लोगों के परिवारों के साथ हैं।’’
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने हादसे पर शोक जताया तथा मामले के जांच के निर्देश दिए।
साय ने कहा है कि इस दुर्घटना में श्रमिकों के निधन और कई लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा उनके परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दें।
साय ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की निगरानी में तेजी से राहत कार्य जारी हैं और घायलों को त्वरित एवं समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस दुर्घटना की गहन और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपायों की समीक्षा की जाए और औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों ने बताया कि कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने घटना की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच करके जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
पुलिस अधीक्षक ठाकुर ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
भाषा संजीव जोहेब
जोहेब