लखनऊ, 14 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना इलाके में आंबेडकर जयंती के मौके पर मंगलवार को उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद और गोलीबारी का मामला सामने आया।
पुलिस ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज करके सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को थाना बंथरा पुलिस को सूचना मिली कि आंबेडकर नगर ग्राम में बाबासाहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद व मारपीट हुई, जिसमें दोनों पक्षो के व्यक्तियों को हल्की चोट आईं।
पुलिस के अनुसार दोनो पक्षों से प्राप्त तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गोलीबारी में किसी भी व्यक्ति को गोली नहीं लगी है।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों से सात अभियुक्तों करण गौतम, अमन कुमार गौतम, विपिन कुमार, पवन गौतम, आकाश रावत, अरविंद और राज को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
भाषा आनन्द जोहेब
जोहेब