दो दिन में दो बार कार पर हुआ हमला: ममता खेमे के तृणमूल विधायक का दावा
दो दिन में दो बार कार पर हुआ हमला: ममता खेमे के तृणमूल विधायक का दावा
कोलकाता, 27 सितंबर (भाषा) ममता बनर्जी खेमे से जुड़े तृणमूल कांग्रेस विधायक कुणाल घोष ने रविवार को आरोप लगाया कि पूर्वी कोलकाता के बेलियाघाटा विधानसभा क्षेत्र में एक कार्यक्रम में जाते समय उनकी कार पर हमला किया गया।
घोष ने दावा किया कि नारकेलडांगा इलाके में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने हथौड़ों से उनकी कार के आगे का शीशा तोड़ दिया, जबकि उनमें से एक ने उनके सुरक्षाकर्मियों पर बंदूक तान दी।
उन्होंने कहा कि शनिवार को हुगली जिले में ममता बनर्जी की एक बैठक में शामिल होने के लिए जाते समय उनकी कार पर कथित रूप से पत्थर और अंडे फेंके गए थे।
घोष ने पत्रकारों को कांच के टुकड़े दिखाते हुए कहा, ‘‘कल उत्तरपाड़ा में मुझ पर हमला हुआ था। आज वे मेरी हत्या करना चाहते थे।’’
घोष ने कहा कि उन्होंने यहां एक थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
उत्तरपाड़ा में कथित हमले के बाद घोष अपनी गाड़ी लेकर कोलकाता स्थित पश्चिम बंगाल पुलिस मुख्यालय भवानी भवन पहुंचे थे, लेकिन उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई थी।
इसके बाद घोष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
तृणमूल विधायक ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा के शासन में पश्चिम बंगाल में ‘जंगल राज’ चल रहा है और यहां तक कि एक निर्वाचित विधायक भी सत्तारूढ़ दल के गुंडों के हमले का शिकार हो रहा है, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।’’
उत्तरपाड़ा से भाजपा विधायक दीपांजन चक्रवर्ती ने शनिवार को कहा था कि घोष नाटक कर रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा, ‘‘घोष प्रचार पाने के लिए तृणमूल कार्यकर्ताओं को उकसाकर अपनी गाड़ी पर हमले करवा रहे हैं और इसमें हमारी पार्टी का कोई भी व्यक्ति शामिल नहीं है।’’
भाषा शोभना रंजन
रंजन

Facebook


