बंगाल पुलिस ने नंदीग्राम में तृणमूल कांग्रेस के नेता के घर की तलाशी ली
बंगाल पुलिस ने नंदीग्राम में तृणमूल कांग्रेस के नेता के घर की तलाशी ली
नंदीग्राम, 27 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में रविवार को पुलिस ने लगभग 15 से 20 साल पहले दर्ज किए गए मामलों के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस के एक नेता के घर की तलाशी ली। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि नंदीग्राम थाने की एक टीम ने शेख शहाबुद्दीन के आवास पर तलाशी ली, लेकिन उस समय वह घर पर मौजूद नहीं थे।
अधिकारी ने कहा, ‘‘शहाबुद्दीन के नाम पर 2007, 2009 और 2011 के कई मामलों के संबंध में वारंट जारी किए गए हैं। हमारे अधिकारियों ने उनके आवास पर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन तृणमूल कांग्रेस के नेता वहां मौजूद नहीं मिले।’’
शहाबुद्दीन के परिवार के सदस्यों ने पुलिस की कार्रवाई पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
यह कार्रवाई नंदीग्राम विधानसभा सीट पर छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव से पहले हुई है। यह सीट मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी, जिन्होंने भवानीपुर सीट को अपने पास रखने का विकल्प चुना।
तृणमूल कांग्रेस के ममता बनर्जी गुट की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने चुनावी मुकाबले से अपना नाम वापस ले लिया है।
कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को 19 साल पुराने चार लंबित गिरफ्तारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया था। ये वारंट क्षेत्र में 2007 में भूमि अधिग्रहण के खिलाफ हुए आंदोलन के दौरान कथित रूप से किए गए गंभीर अपराधों से जुड़े थे।
बनर्जी ने नंदीग्राम में अपने गुट की ओर से कांग्रेस को समर्थन दिया है।
भाषा देवेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


