भारतीय जहाज पर हमला: सोनोवाल ने समुद्री यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
भारतीय जहाज पर हमला: सोनोवाल ने समुद्री यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को कहा कि यमन के समुद्री क्षेत्र के पास भारतीय ध्वज वाले एक वाणिज्यिक पोत पर हमला हुआ।
उन्होंने कहा कि हमले के बाद पोत डूब गया।
सोनोवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि भारत ने बिना किसी उकसावे के ‘एमएसवी फैज नूर ओलीया’ पर किए गए इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मुझे यह बताते हुए राहत है कि सभी 14 नाविकों (जिनमें 13 भारतीय हैं) को यमनी तटरक्षक बल ने सुरक्षित बचा लिया है और उन्हें मोखा बंदरगाह पहुंचा दिया गया है।’’
सोनोवाल ने कहा कि उन्होंने महानिदेशक (समुद्री प्रशासन) को निर्देश दिया है कि क्षेत्र में भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर तत्काल कदम उठाए जाएं और बचाए गए चालक दल को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
भारत ने इस हमले की निंदा की और कहा कि इस क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाया जाना बंद होना चाहिए।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘सभी 13 भारतीय नागरिकों को बचा लिया गया है। रियाद स्थित हमारा दूतावास स्थिति पर करीबी नजर रख रहा है और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यमन के अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है।’’
विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को बचाने में सहयोग के लिए यमन के अधिकारियों का धन्यवाद किया।
भाषा जितेंद्र देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


