कर्नाटक में भूमि विवाद के चलते हत्या का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार
कर्नाटक में भूमि विवाद के चलते हत्या का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार
मंगलुरु (कर्नाटक), 18 मार्च (भाषा) कर्नाटक के मंगलुरु में भूमि विवाद के चलते 56 वर्षीय व्यक्ति को कार से कुचलकर जान से मारने का प्रयास करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, 17 मार्च की इस घटना के वीडियो फुटेज में आरोपी सफेद रंग की एक कार से पीड़ित व्यक्ति के दोपहिया वाहन को पीछे से टक्कर मारता दिख रहा है।
पुलिस ने कहा कि आरोपी की पहचान मोहम्मद शरीफ के रूप में हुई है, जो गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने कहा कि मल्लीकट्टा के निवासी मोहन दास शेट्टी का आरोपी व्यक्ति और उसके पिता के साथ सुरतकल व वमनजुर में जमीन के संबंध में करीब दो करोड़ रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना आर्य समाज रोड पर 17 मार्च को पूर्वाह्न करीब 11 बजे हुई जब आरोपी और शेट्टी के बीच कहासुनी के दौरान, आरोपी ने कथित तौर पर शेट्टी का मोबाइल फोन छीन लिया।
पुलिस ने कहा कि इसके बाद शेट्टी अपने दोपहिया वाहन से वहां से चला गया और शरीफ ने कार से उसका पीछा करके जानबूझकर पीछे से उसके दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। हालांकि, व्यक्ति बाल बाल बच गया।
इस संबंध में मंगलुरु पूर्व थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया गया।
भाषा सं राजेंद्र जोहेब
जोहेब

Facebook


