मनाली के पास दुर्घटना का शिकार हुए ऑस्ट्रेलियाई पैराग्लाइडर को 20 घंटे बाद बचाया गया

Ads

मनाली के पास दुर्घटना का शिकार हुए ऑस्ट्रेलियाई पैराग्लाइडर को 20 घंटे बाद बचाया गया

  •  
  • Publish Date - October 28, 2025 / 04:41 PM IST,
    Updated On - October 28, 2025 / 04:41 PM IST

शिमला, 28 अक्टूबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के मनाली उपमंडल में 13,500 फुट की ऊंचाई पर स्थित ‘सेवन सिस्टर्स’ चोटी के पास सोमवार शाम दुर्घटना का शिकार हुए एक ऑस्ट्रेलियाई पैराग्लाइडर को 20 घंटे बाद बचा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि पैराग्लाइडर चालक की पहचान ऑस्ट्रेलिया निवासी एंडी (51) के रूप में हुई है। ऐसा माना जा रहा है कि पैराग्लाइडर हवा के दबाव और प्रतिकूल मौसम के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

उनके साथ उड़ान भर रहे पैराग्लाइडर पायलट ने दुर्घटना के बारे में बचाव दल को सूचित कर सहायता का अनुरोध किया। दोनों कांगड़ा जिले के बीर बिलिंग से मनाली आए थे और दुर्घटना के समय बीर बिलिंग वापस लौट रहे थे।

दुर्गम पर्वतों के बीच फंसे एंडी को बचाने के लिए सोमवार शाम को तुरंत एक बचाव दल भेजा गया।

मनाली एडवेंचर टूर एसोसिएशन के बचाव दल के प्रभारी रमेश कुमार जोगी ने बताया कि ऊंचे पर्वत पर खतरनाक और संकरी चट्टान पर फंसे पैराग्लाइडर को आखिरकार एक हेलिकॉप्टर की मदद से बचा लिया गया।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश