बंगाल : मुख्यमंत्री ने हुगली नदी घाट पर सफाई अभियान चलाया, ‘नमामि गंगे’ पहल पर जोर दिया

बंगाल : मुख्यमंत्री ने हुगली नदी घाट पर सफाई अभियान चलाया, 'नमामि गंगे' पहल पर जोर दिया

बंगाल : मुख्यमंत्री ने हुगली नदी घाट पर सफाई अभियान चलाया, ‘नमामि गंगे’ पहल पर जोर दिया
Modified Date: June 17, 2026 / 01:43 pm IST
Published Date: June 17, 2026 1:43 pm IST

कोलकाता, 17 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को उत्तरी कोलकाता के बागबाजार इलाके में हुगली नदी घाट पर सफाई अभियान चलाया और कहा कि ‘नमामि गंगे’ कार्यक्रम का उचित कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किए जाएंगे।

अधिकारी ने रामकृष्ण परमहंस की पत्नी सारदा देवी से जुड़े ऐतिहासिक ‘मेयर घाट’ पर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना करके कार्यक्रम की शुरुआत की और घाट को झाड़ू से साफ किया।

इस अवसर पर भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल और तापस रॉय तथा कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता, विकास, कानून व्यवस्था और रोजगार सृजन उनकी सरकार की प्राथमिकताएं हैं।

उन्होंने कहा, ”नमामि गंगे’ के तहत काम ठीक से किया जाना चाहिए। यह पहले नहीं किया गया था और हम इसे करेंगे। गंगा नदी को साफ रखा जाना चाहिए।’

‘नमामि गंगे’ कार्यक्रम गंगा नदी के प्रदूषण को प्रभावी ढंग से कम करने, संरक्षण और पुनर्जीवन के दोहरे उद्देश्यों को पूरा करने के लिए एक एकीकृत संरक्षण मिशन है। हुगली नदी गंगा नदी की एक सहायक नदी है।

अधिकारी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के लिए कोलकाता आएंगे और राज्य सरकार तथा केएमसी उनका गर्मजोशी से स्वागत करेंगे।

कुछ दिन पहले, नागरिक निकाय ने अपनी स्वच्छता और सार्वजनिक भागीदारी पहल के हिस्से के रूप में ‘स्वच्छ ऐप’ लॉन्च किया था।

केएमसी अधिकारियों ने कहा कि शहर भर में स्वच्छता अभियान और संबंधित गतिविधियों में लगभग 20,000 निकाय कर्मचारी शामिल होंगे।

स्वच्छता अभियान 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले कोलकाता नगर निगम द्वारा आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की एक श्रृंखला का हिस्सा है।

अधिकारियों के अनुसार, नगर निकाय ने इस वार्षिक आयोजन से पहले स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और फिटनेस पर केंद्रित कई जनसंपर्क और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। इन पहलों का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।

इन कार्यक्रमों में चयनित स्थानों पर स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य केंद्रों पर जागरूकता गतिविधियां तथा शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए मैराथन का आयोजन शामिल है।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में