कोलकाता, तीन जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को लगभग 32 एकड़ जमीन सौंप दी है। यह प्रक्रिया कई वर्षों से लंबित थी।
राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों से घोष ने कहा कि सरकार ने कई सीमावर्ती जिलों में स्थायी सीमा चौकियों की स्थापना और बाड़ लगाने के काम के लिए बीएसएफ को भूमि हस्तांतरित करने के प्रस्तावों को भी मंजूरी दे दी है।
घोष ने कहा, ‘हमारी पहली कैबिनेट बैठक में बीएसएफ को बाड़ लगाने के लिए जमीन सौंपने के फैसले के अनुरूप सरकार ने बांग्लादेश के साथ सीमा से लगे राज्य में नौ स्थानों पर 31.905 एकड़ जमीन दी है।’
उन्होंने कहा कि भूमि और भूमि सुधार विभाग ने मालदा, मुर्शिदाबाद और कूच बिहार जिलों में 1.53 एकड़ भूमि के हस्तांतरण का प्रस्ताव मंत्रिमंडल के समक्ष रखा है ताकि अंतरराष्ट्रीय सीमा के साथ तीन स्थानों पर स्थायी सीमा चौकियां स्थापित की जा सकें।
उन्होंने बताया कि एक अन्य प्रस्ताव में सीमा पर बाड़ लगाने के काम को सुविधाजनक बनाने के लिए उत्तर दिनाजपुर जिले में 11 स्थानों पर 12.72 एकड़ भूमि के हस्तांतरण की मांग की गई है।
भाषा
शुभम रंजन
रंजन