बंगाल: पुलिस ने ‘भड़काऊ’ टिप्पणियों के लिए हुमायूं कबीर को समन जारी किया

बंगाल: पुलिस ने ‘भड़काऊ’ टिप्पणियों के लिए हुमायूं कबीर को समन जारी किया

बंगाल: पुलिस ने ‘भड़काऊ’ टिप्पणियों के लिए हुमायूं कबीर को समन जारी किया
Modified Date: June 30, 2026 / 06:52 pm IST
Published Date: June 30, 2026 6:52 pm IST

कोलकाता, 30 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल पुलिस ने मंगलवार को आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के प्रमुख हुमायूं कबीर को समन जारी कर हाल के दिनों में कथित तौर पर भड़काऊ और उकसाने वाले बयान देने के मामले में पुलिस अधिकारियों के समक्ष पेश होने को कहा।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा में नवादा से विधायक कबीर की आलोचना करते हुए कहा था कि अब उन्हें (कबीर को) ‘सबक सिखाने’ का समय आ गया है।

शुभेंदु के बयान दिये जाने के 24 घंटे के भीतर ही ये समन जारी किया गया।

कबीर को उनके खिलाफ दर्ज अलग-अलग मामलों के सिलसिले में तीन जुलाई को मुर्शिदाबाद जिले के शक्तिपुर थाने में और चार जुलाई को रेजीनगर थाने में जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।

मंगलवार सुबह वर्दीधारी पुलिसकर्मी मुर्शिदाबाद जिले में कबीर के आवास पर पहुंचे और समन सौंपा।

पुलिस ने बताया कि कबीर के घर पर मौजूद नहीं होने के कारण यह नोटिस उनके परिवार के एक सदस्य ने प्राप्त किया।

पुलिस ने बताया कि इससे पहले दिन में मुर्शिदाबाद जिले से कबीर की पार्टी के तीन स्थानीय नेताओं अमीनुल हक, अनीसुर रहमान और गुलाम मुस्तफा को गिरफ्तार किया।

इन पर उन सार्वजनिक सभाओं के आयोजन का संदेह है, जिनमें कबीर ने कथित तौर पर ऐसे आपत्तिजनक बयान दिए थे।

शुभेंदु ने सोमवार को विधानसभा में कहा था, “अगर कोई यह सोच रहा है कि पुलिस दर्ज मामलों में आगे कार्रवाई करेगी या नहीं, तो मैं उन्हें आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम पहले उन लोगों को गिरफ्तार करेंगे जिन्होंने कबीर को इन सभाओं में आमंत्रित किया था और उसके बाद हम उनके पास पहुंचेंगे।”

कबीर ने आठ जून को शक्तिपुर और फिर 26 जून को रेजीनगर में आयोजित सार्वजनिक सभाओं में कथित तौर पर ये बयान दिए थे।

दोनों स्थान मुर्शिदाबाद जिले में हैं और कबीर पर पहले भी इसी तरह के भड़काऊ सार्वजनिक बयान देने का आरोप लग चुका है।

भाषा जितेंद्र प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में