बंगाल : प्रतिबंधित कफ सिरप तस्करी मामले की जांच में 2.5 करोड़ रुपये नकद बरामद

बंगाल : प्रतिबंधित कफ सिरप तस्करी मामले की जांच में 2.5 करोड़ रुपये नकद बरामद

बंगाल : प्रतिबंधित कफ सिरप तस्करी मामले की जांच में 2.5 करोड़ रुपये नकद बरामद
Modified Date: August 3, 2026 / 11:00 am IST
Published Date: August 3, 2026 11:00 am IST

कोलकाता, तीन अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में रातभर चली छापेमारी के दौरान एक फ्लैट से करीब 2.5 करोड़ रुपये नकद, थोड़ी मात्रा में सोना और कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह बरामदगी मालदा और दक्षिण दिनाजपुर जिला पुलिस द्वारा राज्य पुलिस के विशेष अभियान दल (एसओटी) की सहायता से मालदा थाना क्षेत्र के मंगलबाड़ी स्थित एक फ्लैट में संयुक्त अभियान के दौरान की गई।

यह छापेमारी पड़ोसी दक्षिण दिनाजपुर जिले में पहले प्रतिबंधित कफ सिरप की एक बड़ी खेप जब्त किए जाने के मामले की जांच के आधार पर की गई।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘फ्लैट से करीब 2.5 करोड़ रुपये की नकदी के बंडल बरामद किए गए हैं। इसके अलावा थोड़ी मात्रा में सोना और कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं। बरामद सामान का सटीक मूल्यांकन किया जा रहा है।’’

अधिकारी ने बताया कि जांचकर्ताओं को संदेह है कि यह नकदी प्रतिबंधित कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़ी हो सकती है। वे इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या इस मामले में अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह शामिल है।

पुलिस धन के स्रोत, फ्लैट के स्वामित्व तथा इस परिसर का उपयोग करने वाले लोगों की पहचान का भी पता लगा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।

भाषा गोला रंजन

रंजन


लेखक के बारे में