बंगाल : दुष्कर्म पीड़ित बच्ची का शव मिलने के बाद एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार
बंगाल : दुष्कर्म पीड़ित बच्ची का शव मिलने के बाद एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार
कोलकाता, 11 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल में 11 वर्षीय लड़की का शव बरामद होने के बाद एक व्यक्ति की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में संलिप्तता के आरोप में शनिवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी और शव को बोरे में भरकर एक तालाब में फेंक दिया गया था।
पुलिस ने बताया कि इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या बढ़कर पांच हो गयी है।
दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में रहने वाली बच्ची चार जुलाई को अपनी एक दोस्त के लिए जन्मदिन का उपहार खरीदने घर से निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। उसके परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करायी थी। एक दिन बाद बच्ची का शव बरामद किया गया।
शव बरामद होने के तुरंत बाद भीड़ ने बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या में शामिल होने के संदेह में इंद्रजीत मंडल नामक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बाद में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि मंडल निर्दोष था और उसकी हत्या में शामिल लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा।
अधिकारी का शनिवार को मंडल के घर जाने से मृतक बच्ची के परिवार से मिलने का कार्यक्रम है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘मामले की गहन जांच जारी है। भीड़ द्वारा हत्या के मामले में हम अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुके हैं। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।’’
बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या की घटना के तुरंत बाद शुभेंदु अधिकारी ने बारुईपुर का दौरा किया था और जिला पुलिस मुख्यालय में पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने मंडल के परिवार से भी मुलाकात की और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने घोषणा की थी कि वह एक सप्ताह के भीतर दोबारा आएंगे।
मुख्यमंत्री का बारुईपुर पुलिस जिले के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सुर्ज्यपुर में एक पुलिस चौकी का उद्घाटन करने का भी कार्यक्रम है।
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले स्थानीय प्रशासन ने जर्जर सड़कों की मरम्मत करायी। वहीं, मंडल की पीट-पीटकर हत्या के बाद भीड़ द्वारा क्षतिग्रस्त किए उनके घर की भी मरम्मत करायी गयी। अधिकारी मंडल के बुजुर्ग माता-पिता को भी सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।
भाषा गोला रंजन
रंजन

Facebook


