बेंगलुरु, 26 जून (भाषा) बेंगलुरु के एक अपार्टमेंट में अपने माता-पिता और छोटी बहन की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में 25 साल की एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की गिरफ्तारी के कुछ दिनों बाद शुक्रवार को उसके सहजीवन साथी (लिव-इन पार्टनर) और सह-आरोपी को भी इन हत्याओं के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी से श्वेता की गिरफ्तारी के कुछ ही दिनों बाद केनेथ को भी पुडुचेरी से ही हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस के अनुसार, श्वेता ने कथित तौर पर अपने प्रेमी केनेथ के साथ मिलकर ये हत्याएं कीं। उसने बताया कि केनेथ फरार था।
पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार रात के आर पुरम थाना क्षेत्र में सीगेहल्ली के एक अपार्टमेंट में हुई, जहां सोमसुंदर (52), उनकी पत्नी मुथुलक्ष्मी (48) और उनकी छोटी बेटी सुप्रिया (19) की चाकू से हमला करके हत्या कर दी गई थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि केनेथ ने पकड़े जाने से बचने के लिए पुडुचेरी के समुद्र तट पर स्थित झोपड़ीनुमा शैक (बीच शैक) में शरण ली थी। हालांकि, पुलिस ने उसका पता लगा लिया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
शुरुआती जांच का हवाला देते हुए अधिकारी ने बताया कि श्वेता कथित तौर पर पिछले दो महीनों से केनेथ के साथ रह रही थी।
जांचकर्ताओं को शक है कि पीड़ित अपनी बड़ी बेटी के केनेथ के साथ रिश्ते के पक्ष में नहीं थे, और हो सकता है कि इस बात से परिवार में तनाव पैदा हुआ हो। पुलिस ने कहा कि जांच जारी है।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष