बेहतर सड़कें निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगी: रेखा गुप्ता

Ads

बेहतर सड़कें निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगी: रेखा गुप्ता

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 10:14 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 10:14 PM IST

नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि बेहतर सड़कें, प्रभावी जल निकासी व्यवस्था और सुव्यवस्थित अवसंरचना निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी।

गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य राजधानी के सभी औद्योगिक क्षेत्रों को आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त बनाना है।

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, उन्होंने यह टिप्पणी वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र के ए-ब्लॉक में 75.40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क और जल निकास परियोजना का शिलान्यास करने के बाद की।

बयान के मुताबिक, इस परियोजना के तहत क्षेत्र की करीब 5.77 किलोमीटर लंबी सड़कों का पुनर्विकास किया जाएगा, जबकि 11.54 किलोमीटर लंबे वर्षा जल निकासी नेटवर्क का निर्माण और सुधार किया जाएगा।

इससे जलभराव की समस्या कम करने और क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के पूर्ण होने के बाद वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र राजधानी के सबसे आधुनिक और सुव्यवस्थित औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल होगा और यह अन्य औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भी एक मॉडल के रूप में स्थापित होगा।

गुप्ता ने कहा, “दिल्ली सरकार का लक्ष्य राजधानी के सभी औद्योगिक क्षेत्रों को आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त बनाना है। बेहतर सड़कें, प्रभावी जल निकासी व्यवस्था और सुव्यवस्थित अवसंरचना न केवल उद्योगों की कार्यक्षमता बढ़ाएगी, बल्कि निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।”

भाषा नोमान नोमान संतोष

संतोष