चंडीगढ़, छह मई (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को दावा किया कि आम आदमी पार्टी शासित राज्य में हुए दोहरे बम धमाकों के लिए भाजपा को दोषी ठहराने के बाद उनके पंजाब समकक्ष भगवंत मान ने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है।
सैनी ने यह भी कहा कि पंजाब में होने वाली किसी भी घटना के लिए आम आदमी पार्टी ‘पूरी तरह से जिम्मेदार’ है।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात जालंधर में सीमा सुरक्षा बल ‘बीएसएफ’ के पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर और अमृतसर के खासा में सेना छावनी के पास दो लगातार विस्फोट हुए। किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
बुधवार को जब मान ने दोहरे बम धमाकों के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दोषी ठहराते हुए आरोप लगाया कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी इसी तरह कर रही है, तो पंजाब और हरियाणा के भाजपा के नेताओं ने पलटवार करते हुए उन्हें सबूत देने या अपने पद से इस्तीफा देने की चुनौती दी।
सैनी ने हिंदी में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘भगवंत मान का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है।’
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘जालंधर और अमृतसर में हुए बम धमाके न सिर्फ पंजाब बल्कि पूरे देश के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं, लेकिन भगवंत मान का बयान उससे भी ज्यादा चिंताजनक है।’
उन्होंने कहा कि जहां पंजाब के डीजीपी इन घटनाओं के पीछे पाकिस्तान की आईएसआई की संलिप्तता की ओर इशारा कर रहे हैं, वहीं मुख्यमंत्री मान ‘राजनीतिक उद्देश्यों से प्रेरित होकर गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं।’
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से राष्ट्र को सर्वोपरि रखते हुए सुरक्षा, स्थिरता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी इसी संकल्प के साथ काम करती रहेगी।
सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा, ‘पंजाब की जनता आपके गैरजिम्मेदार रवैये को अच्छी तरह समझती है और समय आने पर उचित जवाब देगी।’
हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने भी मान के इस बयान की कड़ी आलोचना की।
विज ने कहा कि ‘भगवंत मान ने गैरजिम्मेदाराना बयान दिया है और उन्हें तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।’
उन्होंने यह भी दावा किया कि अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा पंजाब में मजबूत बहुमत के साथ अगली सरकार बनाएगी।
भाषा तान्या माधव
माधव