भंडारा-गोंदिया एमएलसी सीट : भाजपा उम्मीदवार और दो निर्दलीय मैदान में

Ads

भंडारा-गोंदिया एमएलसी सीट : भाजपा उम्मीदवार और दो निर्दलीय मैदान में

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 10:24 PM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 10:24 PM IST

गोंदिया (महाराष्ट्र), चार जून (भाषा) भंडारा-गोंदिया सीट पर 18 जून को होने वाले महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में मैदान में उतरे सात उम्मीदवारों में से चार उम्मीदवारों ने बृहस्पतिवार को अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए। इसके बाद भाजपा उम्मीदवार और दो निर्दलीय मैदान में हैं।

चौंकाने वाले घटनाक्रम में, कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार और पूर्व विधायक दिलीप बंसोद और कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार प्रफुल अग्रवाल ने अपने नामांकन वापस ले लिए। इनके साथ ही, निर्दलीय उम्मीदवार अभिषेक करेमोरे और भास्कर रहंगडाले ने भी नामांकन वापस ले लिए। इसके चलते अब भाजपा के अविनाश ब्रह्मंकर और दो निर्दलीय उम्मीदवार नरेश ईश्वरकर और सचिन कुंभलकर मैदान में हैं।

ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि कांग्रेस समर्थित अग्रवाल चुनाव में बने रहेंगे और भाजपा के ब्रह्मंकर को कड़ी टक्कर देंगे।

कांग्रेस अब निर्दलीय उम्मीदवार ईश्वरकर का समर्थन कर रही है। ईश्वरकर भंडारा जिला परिषद में विषय समिति के मौजूदा अध्यक्ष हैं।

बाद में पत्रकारों से बात करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता नाना पाटोले ने भाजपा पर दबाव बनाने और उनके उम्मीदवारों को चुनाव से हटने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि 30 मई को अग्रवाल के घर पर पुलिस ने छापा मारा था।

इसी बीच, भाजपा के भंडारा जिला अध्यक्ष आशु गोंधाने ने कांग्रेस पर दलित समुदाय के उम्मीदवार के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया और दावा किया कि पार्टी ने बंसोद को चुनाव में हराने की साजिश रची और उन्हें अपना नामांकन वापस लेने के लिए मजबूर किया।

स्थानीय स्वशासन निकायों की 16 विधान परिषद सीट और नागपुर स्वशासन निकाय के उपचुनाव के लिए 18 जून को चुनाव होने हैं और मतगणना 22 जून को होगी। इन चुनावों के लिए निर्वाचक मंडल में स्थानीय स्वशासन निकायों के सदस्य शामिल हैं।

भाषा शफीक माधव

माधव