बेंगलुरु, नौ सितंबर (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने बुधवार को कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली गई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कांग्रेस का एक कार्यक्रम भर नहीं था बल्कि एक ऐतिहासिक आंदोलन था जिसने देश में बड़े बदलाव की लहर पैदा की।
‘भारत जोड़ो यात्रा’ की पांचवीं वर्षगांठ के अवसर पर कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवकुमार ने कहा कि यात्रा के अनुभव से कांग्रेस को लोगों, खासकर युवाओं, महिलाओं और किसानों की समस्याओं को समझने में मदद मिली।
उन्होंने कहा, ‘‘ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कांग्रेस पार्टी का महज कार्यक्रम नहीं था। यह हमारे पार्टी नेता राहुल गांधी द्वारा पूरे देश को एकता और अखंडता, उसके लोगों की पीड़ा और जनता, युवाओं, महिलाओं तथा किसानों के सामने मौजूद समस्याओं और उन्हें नयी दिशा देने की आवश्यकता के बारे में दिया गया एक ऐतिहासिक संदेश था।’’
यात्रा के कर्नाटक चरण को याद करते हुए उन्होंने कहा कि यह 23 दिनों में 511 किलोमीटर चली और पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी ने भी इसमें भाग लिया।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे को पार्टी अध्यक्ष चुना गया और राहुल गांधी ने बल्लारी में अपना वोट डाला।
शिवकुमार ने कहा कि यात्रा के दौरान लोगों के साथ हुई बातचीत कांग्रेस सरकार की पांच गारंटी योजनाओं की नींव बनी।
युवाओं के लिए उठाए जा रहे कदमों पर प्रकाश डालते हुए शिवकुमार ने कहा कि सरकार 72,000 सरकारी पदों को भरने के लिए काम कर रही है। उन्होंने राज्यभर में 10,000 ‘भारत जोड़ो युवा संघ’ स्थापित करने की योजना की भी घोषणा की।
उन्होंने बताया कि इन युवा संघों में 16 से 35 वर्ष की आयु के लोग शामिल हो सकेंगे और सदस्यता शुल्क 10 रुपये रखा गया है। प्रत्येक पंचायत स्तर के संघ में 100 से 250 सदस्य हो सकते हैं। ये संघ खेल, राष्ट्रीय एकता, संविधान, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित करेंगे।
उन्होंने कहा कि दो दिन के भीतर करीब 7.8 लाख युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है, जो उत्साहजनक है।
आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारी के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने काम और विचारधारा पर ध्यान केंद्रित रखना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘एक समय के बाद आलोचना खत्म हो जाती है, लेकिन हमारा काम कायम रहता है।’’
शिवकुमार ने कहा, ‘‘कांग्रेस इस देश की ताकत है। कांग्रेस का इतिहास इस देश का इतिहास है। अगर कांग्रेस सत्ता में आती है, तो समाज के सभी वर्गों के लोग सत्ता में आएंगे।’’
भाषा शोभना वैभव
वैभव