भरतपुर: उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकराई, पांच महिलाओं की मौत
भरतपुर: उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकराई, पांच महिलाओं की मौत
जयपुर, 17 मई (भाषा) राजस्थान के भरतपुर जिले में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में पांच महिलाओं की मौत हो गई जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार शुक्रवार दोपहर यह हादसा उस समय हुआ जब उत्तर प्रदेश रोडवेज की एक बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई।
पुलिस उपनिरीक्षक ब्रजेन्द्र सिंह ने बताया कि हलैना महुआ राजमार्ग पर अलीगढ़ से जयपुर की ओर आ रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस आगे चल रहे एक ट्रेलर से टकरा गई जिससे बस में सवार चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बस में सवार 13 अन्य लोग घायल हो गये।
उन्होंने बताया कि एक अन्य घायल महिला ने भरतपुर के सरकारी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल 12 घायलों का इलाज किया जा रहा है।
एक घायल यात्री ने संवाददाताओं को बताया कि बस तेज गति से चल रही थी। बस चालक ट्रेलर को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन समय रहते ब्रेक नहीं लगा सका और ट्रेलर से बस टकरा गई। हादसे में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
भरतपुर जिला कलेक्टर अमित यादव और पुलिस अधीक्षक मृदुल कछावा घटनास्थल के अलावा सरकारी अस्पताल पहुंचे घायलों का हाल जाना।
भाषा संतोष
संतोष

Facebook


