भोजशाला विवाद: उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों ने मंदिर-कमल मौला मस्जिद का निरीक्षण किया

Ads

भोजशाला विवाद: उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों ने मंदिर-कमल मौला मस्जिद का निरीक्षण किया

  •  
  • Publish Date - March 28, 2026 / 05:35 PM IST,
    Updated On - March 28, 2026 / 05:35 PM IST

धार, 28 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर पीठ के दो न्यायाधीशों ने दो अप्रैल को होने वाली सुनवाई से पहले शनिवार को धार स्थित विवादित भोजशाला मंदिर-कमाल मौला मस्जिद परिसर का निरीक्षण किया।

हिंदू पक्ष इस स्थल को वाग्देवी (सरस्वती) का मंदिर मानता है जबकि मुस्लिम समुदाय इसे कमाल मौला मस्जिद बताता है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला और न्यायमूर्ति आलोक अवस्थी अपराह्न करीब एक बजकर 50 मिनट पर परिसर पहुंचे और करीब पौने तीन बजे वहां से रवाना हुए।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच न्यायाधीशों ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधीन इस परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया और इसकी वास्तुकला व इतिहास से जुड़ी जानकारी हासिल की।

उन्होंने परिसर के स्तंभों और शिलालेखों का भी अवलोकन किया।

याचिकाकर्ता आशीष गोयल ने बताया कि न्यायालय ने 16 मार्च की सुनवाई के दौरान ही न्यायाधीशों के स्थल निरीक्षण की जानकारी दी थी।

गोयल ने कहा, ‘‘16 मार्च की सुनवाई में न्यायाधीशों ने निर्देश दिया था कि उनके दौरे के दौरान कोई भी याचिकाकर्ता स्थल पर मौजूद न रहे, इसलिए हम वहां नहीं गए।’’

जिला प्रशासन और एएसआई के अधिकारियों ने न्यायाधीशों के दौरे की व्यवस्था की।

भाषा सं दिमो जितेंद्र

जितेंद्र