भूटान के प्रधानमंत्री ने असम के राज्यपाल, मुख्यमंत्री के साथ क्षेत्रीय सहयोग के मुद्दों पर चर्चा की

Ads

भूटान के प्रधानमंत्री ने असम के राज्यपाल, मुख्यमंत्री के साथ क्षेत्रीय सहयोग के मुद्दों पर चर्चा की

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 10:00 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 10:00 PM IST

गुवाहाटी, 25 मई (भाषा) भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे ने सोमवार को असम के राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मुलाकात की तथा पूर्वोत्तर के साथ सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।

तोबगे, आज सुबह असम पहुंचे। उन्होंने लोक भवन में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात की। वहां उन्होंने राज्यपाल और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के साथ बैठक की।

एक बयान में कहा गया है, ‘‘बैठक में पूर्वोत्तर क्षेत्र के व्यापक हित में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और सहयोग बढ़ाने से संबंधित कई मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें असम पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।’’

भूटान के प्रधानमंत्री के सम्मान में असम की विरासत और आतिथ्य सत्कार को प्रदर्शित करने वाले एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।

शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भारत और भूटान के बीच संबंधों को मजबूत करने में असम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘गुवाहाटी में भूटान के माननीय प्रधानमंत्री का स्वागत और उनसे मुलाकात करना मेरे लिए सम्मान की बात है। भारत और भूटान के बीच एक विशेष सभ्यतागत संबंध है, और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यह संबंध और भी मजबूत हो रहा है।’’

शर्मा ने कहा, ‘‘असम इस संबंध को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, जो 21वीं सदी में दक्षिण एशियाई क्षेत्र के विकास को परिभाषित करेगा।’’

इससे पहले दिन में, राज्य के मंत्री अतुल बोरा ने यहां राजकीय अतिथि गृह में भूटान के प्रधानमंत्री का स्वागत किया और बाद में कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह यात्रा असम और भूटान के बीच सद्भावना, सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के नये रास्ते खोलेगी।

बोरा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुझे गुवाहाटी के कोइनाधोरा स्थित राजकीय अतिथि गृह संख्या 1 में भूटान के माननीय प्रधानमंत्री, महामहिम दाशो शेरिंग तोबगे का हार्दिक स्वागत करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।’’

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शर्मा के नेतृत्व में असम क्षेत्रीय सहयोग, आपसी सम्मान और साझा समृद्धि की भावना से पड़ोसी देश भूटान के साथ अपने ऐतिहासिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करना जारी रखे हुए है।

बोरा ने कहा, ‘‘असम और भूटान के बीच आपसी विश्वास, सद्भाव और गहरे सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों पर आधारित एक प्राचीन संबंध है। हमारी अटूट मित्रता पीढ़ियों से घनिष्ठ जन-संबंधों, साझा परंपराओं और विभिन्न क्षेत्रों में दीर्घकालिक सहयोग के माध्यम से मजबूत हुई है।’’

मंत्री ने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि भूटान के प्रधानमंत्री की असम यात्रा असम और भूटान के बीच विशेष संबंधों को और प्रगाढ़ करेगी, साथ ही हमारे लोगों के व्यापक लाभ के लिए सद्भावना, सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के नये रास्ते खोलेगी।’’

भाषा सुभाष संतोष

संतोष