दिल्ली सरकार ने आयुष कौशल, रोजगार अवसरों को बढ़ावा देने के लिए एचएसएससी से समझौता किया

Ads

दिल्ली सरकार ने आयुष कौशल, रोजगार अवसरों को बढ़ावा देने के लिए एचएसएससी से समझौता किया

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 10:31 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 10:31 PM IST

नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) ‘हेल्थकेयर सेक्टर स्किल काउंसिल’ (एचएसएससी) ने आयुर्वेद, योग और संबद्ध पारंपरिक स्वास्थ्य देखभाल विषयों में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने के लिए एक आयुर्वेद कॉलेज के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।

सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि इससे दिल्ली में आयुष क्षेत्र में कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।

केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के तहत आने वाले एचएसएससी और दिल्ली स्थित चौधरी ब्रह्म प्रकाश आयुर्वेद चरक संस्थान के बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह की उपस्थिति में यह समझौता हुआ।

इस साझेदारी का मकसद सब-काउंसिल ऑन आयुष की देखरेख में आयुर्वेद और इससे जुड़ी पारंपरिक स्वास्थ्य देखभाल पद्धतियों में व्यावसायिक प्रशिक्षण, प्रमाणन और कार्यबल विकास को बढ़ावा देना है।

इस सहयोग के तहत आयुष के प्रमुख क्षेत्रों जैसे आयुर्वेद आहार एवं पोषण, क्षारकर्म, योग वेलनेस ट्रेनर, आयुर्वेद मसाज थेरेपिस्ट, पंचकर्म असिस्टेंट और पंचकर्म तकनीशियन आदि में ‘राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क’ के अनुरूप विशेष कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए एक मजबूत ढांचा तैयार करना है।

बयान में सिंह के हवाले से कहा गया, “पारंपरिक स्वास्थ्य देखभाल में रोजगार सृजन और कल्याण को बढ़ावा देने की अपार संभावनाएं हैं। यह साझेदारी राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप भविष्य के लिए कुशल आयुष कार्यबल तैयार करने में मदद करेगी।”

भाषा नोमान

नोमान माधव

माधव