पटना, 25 मई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि कुटीर ज्योति योजना के तहत 10 लाख उपभोक्ताओं के परिसरों में सौर संयंत्र स्थापित करने के लक्ष्य को तेजी से पूरा करने के लिए कार्य किया जाए तथा राज्य में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दिया जाए।
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान के अनुसार ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार घरेलू उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 125 यूनिट तक निःशुल्क बिजली उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार घरों पर सौर पैनल लगाने की योजना चला रही है, ताकि लोग सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने कहा कि इससे पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम होगी और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना पर तेजी से काम किया जाए और अधिक से अधिक घरों को इसके दायरे में लाया जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को सौर पैनल स्थापना के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने कहा, ‘‘कुटीर ज्योति योजना के अंतर्गत 10 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के परिसरों में सौर संयंत्र स्थापित करने के लक्ष्य पर तेजी से काम करें।’’
मुख्यमंत्री ने कृषि फीडरों के लिए भी सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक कृषि फीडरों को इस योजना से जोड़ा जाए, ताकि कृषि कार्यों में भी सौर ऊर्जा का व्यापक उपयोग सुनिश्चित हो सके।
भाषा कैलाश शोभना
शोभना