राजगीर, 26 मई (भाषा) बिहार के नालंदा जिले में झूले से गिरने के कारण 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यह घटना सोमवार रात करीब नौ बजे नालंदा के राजगीर नगर स्थित मलमास मेले में हुई।
मृतक की पहचान पड़ोसी नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के निवासी अमन कुमार (18) के रूप में हुई है।
राजगीर थाना प्रभारी (एसएचओ) ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “मलमास मेले में सोमवार रात करीब नौ बजे एक युवक ऊंचाई पर लंबवत घूमने वाले झूले से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।”
उन्होंने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और प्रारंभिक स्तर पर लापरवाही के संकेत मिलने पर झूला संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि घटना के बाद मेला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मेले में संचालित सभी बड़े झूलों का संचालन तत्काल रोक दिया है।
मलमास मेला थाना प्रभारी जितेंद्र राम ने बताया, “प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि युवक झूले पर बैठकर सेल्फी लेने या रील बनाने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। इसके लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।”
भाषा कैलाश
मनीषा
मनीषा