आरा, 14 मई (भाषा) बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को बृहस्पतिवार को उस समय करारा झटका लगा, जब राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भोजपुर-बक्सर विधान परिषद सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज कर ली। यह उपचुनाव जनता दल (यूनाइटेड) के विधान परिषद सदस्य राधाचरण साह के इस्तीफे के कारण कराया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि राधाचरण साह के पुत्र कन्हैया साह को राजद उम्मीदवार सोनू कुमार राय ने 340 मतों से पराजित किया।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को हुए उपचुनाव में लगभग 5,500 वैध मत पड़े थे। भोजपुर और बक्सर जिलों के स्थानीय निकायों के सदस्यों ने इस चुनाव में मतदान किया था।
राधाचरण साह ने पिछले वर्ष नवंबर में संदेश विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित होने के बाद विधान परिषद की सदस्यता छोड़ दी थी। विधानसभा चुनाव में राजग ने 243 सदस्यीय विधानसभा में 202 सीटें जीतकर सत्ता में वापसी की थी।
सोनू कुमार राय भोजपुर-बक्सर के पूर्व विधान परिषद सदस्य लालदेश राय के पुत्र और संदेश के पूर्व विधायक विजेंद्र कुमार यादव के दामाद हैं।
उपचुनाव में चार निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कुल छह प्रत्याशी मैदान में थे। जद(यू) के बागी नेता मनोज कुमार उपाध्याय को करीब 636 मत मिले। ऐसा माना जा रहा है कि उन्होंने कन्हैया साह के समीकरण बिगाड़ दिए।
इस बीच, राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने पार्टी की जीत पर खुशी जताई है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यादव ने एक बयान में दावा किया कि “मतपत्र प्रणाली से हुए इस उपचुनाव में हमारी जीत साबित करती है कि विधानसभा चुनाव में हम इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में हेरफेर के कारण हारे थे।”
उन्होंने कहा, “डाक मतपत्रों की गिनती के दौरान हमें कम से कम 150 विधानसभा सीटों पर बढ़त हासिल थी। लोकतंत्र के हित में यह जरूरी है कि मतपत्र प्रणाली को फिर से लागू किया जाए।”
भाषा
कैलाश रवि कांत