अलप्पुझा में बर्ड फ्लू की पुष्टि, 5,961 पक्षियों को मारा जाएगा
अलप्पुझा में बर्ड फ्लू की पुष्टि, 5,961 पक्षियों को मारा जाएगा
अलप्पुझा (केरल), 19 मार्च (भाषा) अलप्पुझा जिले की मुहम्मा ग्राम पंचायत के वार्ड 7 में बर्ड फ्लू (एच5एन1) के मामलों की पुष्टि होने के बाद प्राधिकारियों ने भारत सरकार की 2021 की कार्ययोजना के अनुरूप इसकी रोकथाम संबंधी कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इन कदमों के तहत 5,000 से अधिक पक्षियों को मारा जाएगा।
एक सरकारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि जिलाधिकारी इनबासेकर कलिमुथु की अध्यक्षता में हुई विभिन्न विभागों की एक आपातकालीन बैठक में रोकथाम एवं नियंत्रण संबंधी कदमों को लागू करने का निर्णय लिया गया।
पशुपालन विभाग ने संक्रमण के केंद्र बिंदु से एक किलोमीटर के दायरे में पक्षियों को मारने की कार्रवाई के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात किए हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘प्रभावित क्षेत्र में 5,961 घरेलू पक्षियों को मारा जाएगा। इन पक्षियों को मारने की कार्रवाई 21 मार्च की सुबह शुरू की जाएगी।’’
जिला प्रशासन ने बीमारी को फैलने से रोकने के लिए विभिन्न विभागों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि संक्रमण के खतरे को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि पक्षियों की किसी भी प्रकार की असामान्य सामूहिक मृत्यु की सूचना निकटतम पशु चिकित्सालय को दी जानी चाहिए।
इसी तरह, मृत पक्षियों का निपटारा करने वाले लोगों को मास्क और दस्ताने पहनने जैसे सुरक्षात्मक कदम उठाने की सलाह दी गई है।
अधिकारियों ने कहा कि मृत पक्षियों को गहरे गड्ढे में दफनाया जाना चाहिए और चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर जैसे कीटाणुनाशकों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
क्षेत्र के सभी पोल्ट्री फार्म को भी कड़े जैव सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
भाषा
सिम्मी नरेश
नरेश

Facebook


