नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) बर्कबेक विश्वविद्यालय ने मंगलवार को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से एक रुचि पत्र प्राप्त किया है जिसके तहत वह बेंगलुरु में अपना वैश्विक परिसर स्थापित करेगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बेंगलुरु में इस परिसर की स्थापना के बाद भारतीय छात्रों को लगभग 60 प्रतिशत कम शिक्षा खर्च पर वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त लंदन विश्वविद्यालय की डिग्री मिलेगी।
भारत ने उच्च शिक्षा में सकल नामांकन अनुपात 2030 तक 50 प्रतिशत तक बढ़ाने और देश में ही उच्च गुणवत्ता वाली अंतरराष्ट्रीय शिक्षा सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है।
उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी ने कहा, “रुचि पत्र सौंपा जाना भारतीय छात्रों के लिए वैश्विक शिक्षा के द्वार खोलने की शुरुआत है। इससे पता चलता है कि अग्रणी अंतरराष्ट्रीय संस्थान भारत के तेजी से विकसित हो रहे उच्च शिक्षा ईकोसिस्टम पर भरोसा कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “यूजीसी के प्रगतिशील नियमों के माध्यम से हम उच्च गुणवत्ता वाले वैश्विक संस्थानों को भारत में सार्थक उपस्थिति स्थापित करने का अवसर दे रहे हैं। छात्र अब विदेश में पढ़ाई की तुलना में लगभग 60 प्रतिशत कम लागत पर विश्वस्तरीय शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। यह समान अवसर सुनिश्चित करने और अवसरों का विस्तार करने के लिए महत्वपूर्ण है।”
साल 1823 में स्थापित बर्कबेक विश्वविद्यालय दुनियाभर में प्रसिद्ध है।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश