कोलकाता, दो जुलाई (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शुक्रवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायकों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
आधिकारिक बयान के अनुसार, लोकसभा सचिवालय के संसदीय अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान (प्राइड) और पश्चिम बंगाल विधानसभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम न्यू टाउन स्थित ‘विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर’ में होगा।
अधिकारी ने कार्यक्रम की रूपरेखा का हवाला देते हुए बताया कि उद्घाटन सत्र को बिरला के अलावा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, विधानसभा अध्यक्ष रतींद्र बोस, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश संबोधित करेंगे।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
अधिकारी ने कहा, ‘‘इस प्रबोधन कार्यक्रम का उद्देश्य नवनिर्वाचित विधायकों को संसदीय परंपराओं, विधायी प्रक्रियाओं और विधानसभा की कार्यप्रणाली की व्यापक समझ प्रदान करना है, ताकि वे अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।’’
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, पश्चिम बंगाल के संसदीय कार्य मंत्री डॉ. शंकर घोष भी उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे।
इस दो दिवसीय कार्यक्रम में विधायकों के लिए परंपराओं, रीति-रिवाजों और शिष्टाचार, कार्यपालिका की जवाबदेही और अन्य प्रक्रियागत उपायों, समिति प्रणाली, विधायी प्रक्रिया, वित्तीय कार्य एवं बजट प्रक्रिया, संसदीय विशेषाधिकार एवं नैतिकता तथा राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) जैसे विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे।
भाषा हक हक अविनाश नरेश
नरेश