बिट्स के स्टार्टअप ने तेज गति वाले यूएवी के साथ ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में बनाई जगह

Ads

बिट्स के स्टार्टअप ने तेज गति वाले यूएवी के साथ ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में बनाई जगह

  •  
  • Publish Date - September 3, 2026 / 09:22 PM IST,
    Updated On - September 3, 2026 / 09:22 PM IST

नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) बिट्स पिलानी के हैदराबाद परिसर में स्थापित रक्षा प्रौद्योगिकी स्टार्टअप एपोलियन डायनेमिक्स ने इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह बनाई है। उसके इलेक्ट्रिक इंटरसेप्टर ‘आहुति एमके-दो’ ने प्रमाणित रूप से 498 किलोमीटर प्रति घंटे की शीर्ष गति हासिल की है, जिसके लिए इसे मल्टीरोटर यूएवी (मानवरहित हवाई वाहन) द्वारा हासिल की गई सर्वाधिक गति के रिकॉर्ड के लिए मान्यता मिली है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने दावा किया कि वर्तमान में उपलब्ध सार्वजनिक आंकड़ों के आधार पर दक्षिण एशिया में कोई भी अन्य मल्टीरोटर यूएवी इस गति तक नहीं पहुंच सका है और न ही इसे पार कर पाया है।

एपोलियन डायनेमिक्स की स्थापना जयंत खत्री और शौर्य चौधरी ने की थी, जिसे 2025 में पंजीकृत कराया गया था। यह भारतीय सशस्त्र बलों के लिए हवाई और मानवरहित प्रणालियां विकसित करती है तथा भारतीय सेना के साथ भी अपने सिस्टम तैनात कर चुकी है।

रिकॉर्ड बनाने वाले ‘आहुति एमके-दो’ का विकास अमन विरानी (शैडी), मानस विचारे और ईशान सूरी ने किया है।

‘आहुति एमके-दो’ मूल ‘आहुति’ ड्रोन का विकसित रूप है, जिसने 2025 में करीब 300 किलोमीटर प्रति घंटे की गति हासिल की थी। टीम ने इसे उच्च गति वाले इंटरसेप्टर की भूमिका के लिए दोबारा तैयार किया, जिसका उद्देश्य दुश्मन के ड्रोन और लंबे समय तक हवा में मंडराने वाले हथियारों ‘लोइटरिंग म्यूनिशंस’ को रोकना है।

एक साल से भी कम समय में इसकी अधिकतम गति बढ़कर 498 किलोमीटर प्रति घंटे हो गई। यह मूल प्लेटफॉर्म की तुलना में करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की वृद्धि और लगभग 66 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दर्शाता है।

बिट्स पिलानी के समूह कुलपति वी. रामगोपाल राव ने कहा कि आहुति एमके-दो का विकास इस बात का उदाहरण है कि किस तरह शैक्षणिक और उद्यमशील पारिस्थितिकी तंत्र इंजीनियरिंग से जुड़े विचारों को वास्तविक दुनिया के उपयोग में बदलने में मदद कर सकता है।

वर्ष 2006 में स्थापित ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ भारत की असाधारण मानवीय उपलब्धियों को दर्ज करने वाला एक मंच है।

भाषा आशीष रंजन

रंजन